भीम प्रज्ञा न्यूज.बुहाना। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर बुहाना उपखंड स्तर पर आयोजित समारोह में मानव सेवा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर किए जा रहे उल्लेखनीय सेवा कार्यों के लिए श्री श्याम मानव सेवा संस्थान को सम्मानित किया गया। समारोह में विधायक श्रवण कुमार, उपखंड अधिकारी शकुंतला चौधरी सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहें। संस्थान की ओर से सम्मान प्राप्त करते हुए निदेशक डॉ. संदीप कुमार ने कहा कि यह सम्मान केवल संस्थान का नहीं, बल्कि संस्थान की सेवा यात्रा से जुड़े सभी समाजसेवी साथियों, सेवाभावी सहयोगियों, शुभचिंतकों, दानदाताओं, पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों और पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि संस्थान जरूरतमंद, लाचार, बेसहारा एवं दिव्यांगजनों की सेवा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। समाज के लोगों के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद से सेवा कार्यों को लगातार आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है।

डॉ. संदीप कुमार ने कहा कि यह सम्मान संस्थान की मंजिल नहीं, बल्कि मानव सेवा के मार्ग पर और अधिक समर्पण, जिम्मेदारी एवं निष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा है। उन्होंने सभी सहयोगियों एवं शुभचिंतकों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “सेवा ही संकल्प और मानवता ही धर्म” के भाव के साथ संस्थान आगे भी जरूरतमंदों की सेवा के लिए समर्पित रहेगा।