​भीम प्रज्ञा न्यूज़. नीमकाथाना (विपिन शर्मा):

नीमकाथाना और पाटन पंचायत समिति क्षेत्रों में शुक्रवार को संपन्न हुए पंच-सरपंच के चुनावों में मतदाताओं ने जबरदस्त उत्साह दिखाया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लग गईं, जहां युवाओं और महिलाओं के साथ-साथ बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान समाप्त होने तक नीमकाथाना पंचायत समिति क्षेत्र में 77.63 प्रतिशत और पाटन पंचायत समिति क्षेत्र में 78.94 प्रतिशत रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया।

​लोकतंत्र के इस पर्व में युवाओं का उत्साह देखते ही बनता था। कई युवाओं ने पहली बार बैलट पेपर पर मुहर लगाकर अपने प्रत्याशी को चुना। विकास, शुभम और शिखा समेत कई नए मतदाताओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पहली बार इस मतदान प्रक्रिया को देखना और इसमें हिस्सा लेना उनके लिए बेहद रोमांचक और खुशी का अनुभव रहा।

​इसके अलावा मतदान को आसान बनाने के लिए स्काउट गाइड के विद्यार्थियों ने विशेष सहभागिता निभाई। छात्रों ने दिव्यांग मतदाताओं को व्हीलचेयर पर बैठाकर बूथ तक पहुँचाया, जिसके बाद उन्होंने भी उत्साह के साथ अपने मत का प्रयोग किया।

​विभिन्न ग्राम पंचायतों से मिले आंकड़ों के अनुसार मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई, जिसमें डोकन में 85.79 प्रतिशत, स्यलोदड़ा में 82.20 प्रतिशत, बिहार में 78 प्रतिशत, कोला की नांगल में 74.47 प्रतिशत और हसामपुर में 70.85 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया।

​शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए इन चुनावों के बाद अब सभी प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई है, और सभी की निगाहें नतीजों पर टिकी हैं।