भीम प्रज्ञा न्यूज़. चिड़ावा:राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, खेमू की ढाणी में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस विशेष अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों को जूते-जुराबें और स्कूल ड्रेस का वितरण किया गया।
यह पूरी सहायता भामाशाह श्रीमती सुनीता लमोरिया (प्रधानाचार्य पत्नी विजय कुमार लमोरिया) के आर्थिक सहयोग से उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भामाशाह के ससुर वेदप्रकाश लमोरिया रहे।
देश सेवा को सर्वोपरि रखने का आह्वान
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ACBEO सुरेश कुमार पायल ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ से देश सेवा को सर्वोपरि मानते हुए पूरी मेहनत और लगन से कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने भामाशाह द्वारा किए गए इस पुण्य कार्य के लिए उनका आभार जताया।
नामांकन बढ़ाने और विद्यालय विकास पर जोर
विशिष्ट अतिथि स्थानीय वार्ड पार्षद राजकुमार लमोरिया ने विद्यालय के विकास कार्यों में हरसंभव आर्थिक सहयोग देने का वादा किया और उपस्थित अभिभावकों से विद्यालय में छात्र-छात्रा नामांकन बढ़ाने का विशेष आग्रह किया।
प्रधानाध्यापक श्रीराम जांगिड़ ने अतिथियों, भामाशाह परिवार और अभिभावकों का आभार प्रकट करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी।
भामाशाहों का रहा है निरंतर सहयोग
विद्यालय परिवार ने बताया कि इससे पहले भी कई बार भामाशाहों के सहयोग से विद्यालय में बड़े स्तर पर विकास कार्य कराए जा चुके हैं। इनमें मुख्य रूप से विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराना, विद्यालय भवन में रंग-रोगन, तथा सभी बच्चों को निःशुल्क स्टेशनरी, ड्रेस, स्वेटर और कोट का वितरण शामिल है।
इस अवसर पर अध्यापिका महेंद्र, सुनीता, अभिलाषा, राजबाला और शकुन सहित कई ग्रामीण और अभिभावक उपस्थित रहे।


देश
राजनीति
Web Story




