भीम प्रज्ञा न्यूज़, मंडी अटेली  (मनोज बुलाण)।

श्री राम सेना हरियाणा एवं डीएल डार्क लाइट फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में गुवाणी गांव के बाबा गैबी राम मंदिर परिसर में दूसरा रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 35 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। शिविर का आयोजन दिवंगत पूर्व कप्तान सिंह की स्मृति में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया।

कार्यक्रम में राजस्थान की हॉकी वाली सरपंच नीरू यादव, समाजसेवी ठाकुर अतरलाल और डॉ. राजवंती यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर एवं बैज लगाकर सम्मानित किया। डीएल डार्क लाइट फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप कुमार ने स्वयं रक्तदान कर सामाजिक सरोकार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक कैप्टन हंसराज ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। जरूरत के समय रक्त की उपलब्धता किसी घायल या जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने स्वस्थ लोगों से स्वेच्छा से रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में भाग लेने का आह्वान किया।

फाउंडेशन के डायरेक्टर एवं श्री राम सेना हरियाणा के प्रदेश कार्याध्यक्ष लोकेश मोनू ने कहा कि संस्था का उद्देश्य सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि गुवाणी उनका पैतृक गांव है और गांव की तरक्की, सामाजिक कार्यों तथा जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने सामाजिक विकास के लिए स्वच्छ राजनीति और सामूहिक सहयोग की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

शिविर में कुलदीप भरगड़ एडवोकेट, सत्यपाल सरपंच खोड़ सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। ग्रामीणों ने संगठन के सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने तथा श्री राम सेना को मजबूत करने के लिए सहयोग और प्रोत्साहन देने का भरोसा जताया।

इस अवसर पर डॉ. रामअवतार यादव, सरपंच प्रतिनिधि दिनेश, पूर्व सरपंच विजयपाल, सूबेदार मेजर बिशन लाल, सूबेदार रमेश, सज्जन सिंह, एडवोकेट बलजीत, डॉ. विकास, डॉ. जय भगवान, इंस्पेक्टर सुनील सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।