भीम प्रज्ञा न्यूज़. नीमकाथाना (विपिन शर्मा)। स्थानीय राजकीय महाविद्यालय, पाटन में सत्र 2026-27 के तहत संचालित 24 दिवसीय ‘रानी लक्ष्मी बाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम’ के अंतर्गत 3 एवं 4 नवंबर को दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण सत्रों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मदन लाल मीणा के निर्देशन में हुआ।

प्रशिक्षण सत्रों के दौरान छात्राओं को विभिन्न प्रकार के शारीरिक व्यायाम एवं आत्मरक्षा की तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास करवाया गया। साथ ही दैनिक जीवन में व्यायाम की उपयोगिता, शारीरिक मजबूती और आत्मरक्षा के लिए शारीरिक रूप से सक्षम रहने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की नोडल अधिकारी एवं सहायक आचार्य (अंग्रेजी) रीतू शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में सुरक्षा, सजगता और आत्मविश्वास की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने छात्राओं को नियमित अभ्यास जारी रखने तथा आत्मरक्षा की तकनीकों को सीखने के लिए प्रेरित किया।

दो दिवसीय विशेष सत्रों में छात्राओं ने उत्साह एवं ऊर्जा के साथ भाग लिया और आत्मरक्षा की विभिन्न बारीकियां सीखीं। इस अवसर पर महाविद्यालय के संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।