भीम प्रज्ञा न्यूज.झुंझुनूं। जिले के सबसे बड़े राजकीय बीडीके अस्पताल में रक्त के स्टॉक में कमी को देखते हुए सामाजिक सरोकार के तहत अन्नूश्री फाउंडेशन द्वारा कल ब्लड सेंटर, बीडीके अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। रक्त की कमी की सूचना के बाद विभिन्न सामाजिक संगठन, गैर-सरकारी संस्थान, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय एवं आमजन स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आ रहे हैं और ब्लड सेंटर पहुंचकर योगदान दे रहे हैं। ब्लड बैंक प्रभारी एवं उपनिदेशक डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि अन्नूश्री फाउंडेशन, झुंझुनूं के निदेशक डॉ. अन्नूश्री के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों और संस्थान से जुड़े कार्मिकों ने रक्तदान हेतु सहमति दी है और आमजन से भी अधिक से अधिक संख्या में स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की गई है। पीएमओ एवं वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र भाम्बू ने बताया कि हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) मामलों की शीघ्र पहचान और समयबद्ध रेफरल के कारण अस्पताल में गर्भवती महिलाओं के भर्ती होने की संख्या बढ़ी है तथा रक्त आधान के मामलों में भी वृद्धि हुई है, ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रहा है।
उपनिदेशक डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जिले के सभी 11 ब्लॉकों में प्रतिमाह एक ब्लड कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिनमें 50 प्रतिशत रक्त सरकारी ब्लड बैंकों के लिए सुरक्षित रखने का प्रावधान है, वहीं जिलेभर से सबसे अधिक ट्रॉमा मरीज एवं एचआरपी गर्भवती महिलाएं उपचार के लिए बीडीके अस्पताल में आती हैं। उन्होंने वर्तमान रक्त स्टॉक की स्थिति बताते हुए कहा कि दिनांक 06 अगस्त को ब्लड बैंक में उपलब्ध स्टॉक इस प्रकार है A+ 15 यूनिट, A- 11 यूनिट, B+ 68 यूनिट, B- 19 यूनिट, O+ 71 यूनिट, O- 08 यूनिट, AB+ 09 यूनिट और AB- 04 यूनिट है। उन्होंने बताया कि O+, B+ और B- रक्त समूह का स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, जबकि A+, AB+, AB- और O- केवल आपातकालीन स्तर पर ही शेष हैं तथा हाल के दिनों में स्वैच्छिक रक्तदान के कारण स्टॉक में निरंतर उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे आगे आकर रक्तदान करें और जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने में सहयोग करें।
झुंझुनूं

बीडीके अस्पताल में रक्त की कमी, अन्नूश्री फाउंडेशन कल लगाएगा ब्लड कैंप
झुंझुनूं में रक्त संकट, सामाजिक संगठन आगे आए



देश
राजनीति




