भीम प्रज्ञा न्यूज.नीमराना (रमेशचंद)।
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोटपूतली-बहरोड़ के तत्वावधान में श्री श्याम शिक्षा समिति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नीमराना में विधिक जागरूकता एवं सहायता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर स्कूल में आयोजित पेरेंट्स-टीचर मीटिंग के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावकों और शिक्षकों ने भाग लिया।
शिविर के दौरान न्याय मित्र एवं वरिष्ठ सुरक्षा सखी किरण ने आदिवासी समुदाय को संबोधित करते हुए उन्हें निःशुल्क कानूनी सहायता, विभिन्न सरकारी योजनाओं और संवैधानिक अधिकारों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद आदिवासी परिवारों को कोर्ट-कचहरी से जुड़ी हर प्रकार की कानूनी सहायता पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराता है। साथ ही महिलाओं, बच्चों और आदिवासियों के संरक्षण हेतु संचालित योजनाओं के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल की प्रधानाचार्या अनुराधा यादव द्वारा पौधारोपण के साथ की गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज सदियों से प्रकृति का संरक्षक रहा है और हमें उनसे प्रेरणा लेकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आदिवासी समाज को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें कानूनी सहायता से जोड़ना तथा समाज में समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना रहा।
इस अवसर पर लाखन सिंह, अजय जांगिड़, कृष्ण जोशी, लिली नायक, दीक्षा सिंह, अनीता, लालाराम सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।


देश
राजनीति
Web Story





