भीम प्रज्ञा न्यूज.नीमराना@रमेशचंद 

धर्मचन्द गांधी जैन राजकीय महाविद्यालय, बहरोड़ में शुक्रवार को अज़ीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना के पोस्टर का विमोचन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनय सिंह यादव ने बताया कि योजना के तहत सरकारी स्कूलों से 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के दौरान प्रत्येक वर्ष 30 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति की राशि सीधे छात्राओं के बैंक खातों में जमा कराई जाएगी। सत्र 2026-27 में बी.ए. प्रथम सेमेस्टर में नियमित प्रवेश लेने वाली छात्राएं इस योजना के लिए आवेदन कर सकेंगी। आवेदन प्रक्रिया दो चरणों में होगी। प्रथम चरण में 10 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक तथा दूसरे चरण में 10 जनवरी से 31 जनवरी 2027 तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। इच्छुक छात्राएं अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।महाविद्यालय की नोडल अधिकारी डॉ. ज्योति कुमारी ने बताया कि आवेदन के लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक, 10वीं एवं 12वीं की मूल अंकतालिका तथा प्रवेश शुल्क की रसीद आवश्यक होगी। उन्होंने छात्राओं से निर्धारित समय सीमा में आवेदन करने की अपील की। साथ ही योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए महाविद्यालय कार्यालय से संपर्क करने को कहा।