भीम प्रज्ञा न्यूज .झुंझुनूं।
शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस एवं नगर परिषद की संयुक्त टीम ने रोड नंबर-1 पर प्रभावी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर, आईपीएस के निर्देशानुसार की गई कार्रवाई के दौरान जेपी जानू स्कूल से रोडवेज बस डिपो तक सड़क मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेंद्र सिंह राजावत के नेतृत्व तथा वृताधिकारी शहर झुंझुनूं गोपाल सिंह के सुपरविजन में की गई।
इसमें यातायात पुलिस प्रभारी कस्तूर वर्मा, कोतवाली थाना प्रभारी श्रवण कुमार मील सहित नगर परिषद आयुक्त राकेश कुमार एवं पुलिस व नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। संयुक्त टीम ने सड़क किनारे दुकानदारों, वाहन चालकों एवं अन्य व्यवसायियों द्वारा किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटवाया। सड़क पर सामान रखकर यातायात बाधित करने तथा वाहनों को बेतरतीब ढंग से खड़ा करने वालों को समझाइश दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़क पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से आमजन को आवागमन में परेशानी होती है, इसलिए सड़क मार्ग को सुगम बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। 15 वाहनों के काटे चालान कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई।
वाहन चालकों को सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। पुलिस एवं नगर परिषद की ओर से कहा गया कि शहर की प्रमुख सड़कों पर अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अधिकारियों ने व्यापारियों और आमजन से अपील की कि वे सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण नहीं करें और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।


देश
राजनीति
Web Story




