भीम प्रज्ञा न्यूज .झुंझुनूं । आगामी नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला परिषद सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसमें राज्य निर्वाचन आयोग से प्रशिक्षित डिस्ट्रिक्ट लेवल मास्टर ट्रेनर्स (DLMT) ने ब्लॉक स्तर पर मतदान दलों को प्रशिक्षण देने के लिए नियुक्त मास्टर ट्रेनर्स को चुनाव प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
जिले में ब्लॉक स्तर पर मतदान दलों को प्रशिक्षित करने के लिए 60 प्रशिक्षकों की टीम तैयार की गई है। ये प्रशिक्षक अपने-अपने स्तर पर नियुक्त मतदान दलों को मतदान से लेकर मतगणना तक की पूरी प्रक्रिया का प्रशिक्षण देंगे। चुनाव प्रक्रिया की हर बारीकी समझने के निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षकों और मतदान दलों को चुनाव प्रक्रिया की प्रत्येक बारीकी से अवगत कराना है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि वे सभी प्रक्रियाओं को गंभीरता से समझें और किसी भी तरह की शंका का समाधान प्रशिक्षण के दौरान ही कर लें, ताकि आगे मतदान दलों को सही एवं स्पष्ट जानकारी दी जा सके। प्रशिक्षण के दौरान चुनाव से संबंधित विभिन्न प्रपत्रों को भरने, मतदान सामग्री, आवश्यक दस्तावेज, मतदान दलों की जिम्मेदारियों, मतदान प्रक्रिया, ईवीएम संबंधी प्रक्रिया, मतदान के बाद की कार्रवाई तथा मतगणना सहित चुनाव के विभिन्न चरणों की जानकारी दी गई।
आयोग के निर्देशों और प्रोटोकॉल की पालना पर जोर
प्रशिक्षण प्रभारी एवं एसीईओ रामनिवास ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मास्टर ट्रेनर्स को चुनाव प्रक्रिया के सैद्धांतिक और व्यावहारिक दोनों पहलुओं से अवगत कराया गया है। उन्होंने प्रशिक्षकों से कहा कि वे ब्लॉक स्तर पर मतदान दलों को प्रत्येक प्रक्रिया सरल एवं स्पष्ट तरीके से समझाएं तथा आयोग द्वारा निर्धारित नियमों और प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन सुनिश्चित करवाएं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की ओर से उठाई गई शंकाओं का समाधान भी किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के सह प्रभारी अरविंद ओला, नेहा झाझडिया, डीएलएमटी सुरेंद्र डूडी, राजेश बुरी एवं संजय सरा सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रशिक्षक मौजूद रहे। जिला प्रशासन की इस पहल से स्पष्ट है कि नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदान कार्मिकों को समय रहते प्रशिक्षित कर चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने की दिशा में तैयारियां की जा रही हैं।


देश
राजनीति
Web Story




