भीम प्रज्ञा न्यूज. झुंझुनूं।

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए झुंझुनूं जिले को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। इस उपलब्धि में सराहनीय योगदान देने वाले आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पचेरी कलां के योग नोडल प्रभारी नरेश कुमार यादव एवं योग प्रशिक्षक अनिल कुमार को जिला स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। जिला कलेक्टर अरुण कुमार गर्ग ने दोनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की।

उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने में योग प्रशिक्षकों एवं नोडल प्रभारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। नरेश कुमार यादव एवं अनिल कुमार ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए लोगों को योग के प्रति जागरूक किया। उनके प्रयासों से क्षेत्र में योग गतिविधियों को बढ़ावा मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने योग कार्यक्रमों में सहभागिता की। जिला स्तर पर मिले इस सम्मान से पचेरी कलां क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों एवं स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मचारियों ने दोनों को बधाई देते हुए भविष्य में भी योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में इसी तरह कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।