भीम प्रज्ञा न्यूज.सूरजगढ़।

सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बड़बर गांव में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक श्रवण कुमार ने समाज कल्याण भवन का शिलान्यास किया। विधायक कोष से करीब 8 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन से ग्रामीणों को सामाजिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए सुविधा मिलेगी। इस दौरान विधायक ने ग्राम पंचायत की ओर से नवनिर्मित जिम का भी उद्घाटन किया।समाज कल्याण भवन के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्रवण कुमार ने कहा कि सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विकास की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पानी, बिजली, चिकित्सा और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना हमेशा उनकी प्राथमिकताओं में रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची सेवा है और उन्होंने सदैव गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को भगवान का रूप मानकर जनसेवा की है। विधायक ने बड़बर ग्राम पंचायत में आगामी समय में भी विकास कार्य करवाने का भरोसा दिलाया। साथ ही ग्रामीणों से आगामी पंचायत चुनाव में कांग्रेस पार्टी को विजयी बनाने की अपील की।

कार्यक्रम को महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष शकुंतला यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि विधायक श्रवण कुमार क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं। बुहाना पंचायत समिति के निवर्तमान प्रधान हरिकिशन यादव, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव नीतू वर्मा तथा निवर्तमान सरपंच विनोद मिश्रा ने भी विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर सूरजगढ़ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सचिन शेखावत, सूरजगढ़ शहर कांग्रेस अध्यक्ष रामसिंह चेतीवाल, सिंघाना शहर कांग्रेस अध्यक्ष डीपी सैनी, पूर्व सरपंच शशिकांता, सिंघाना नगर पालिका के निवर्तमान चेयरमैन विजय पांडे, उमरवास सरपंच विजय मोटू,अनिल पंच, दीपक भूरिया, हेमराज भूरिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत करते हुए विकास कार्यों के लिए आभार जताया।