भीम प्रज्ञा न्यूज.बुहाना। मच्छर जनित बीमारियों मलेरिया, डेंगू एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम और नियंत्रण को लेकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से एंटी मलेरिया एवं डेंगू अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सोमवार को बीसीएमओ कार्यालय के निर्देश पर ब्लॉक क्षेत्र की विभिन्न टीमों ने गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर एंटी लार्वा गतिविधियां संचालित कीं। टीमों ने मच्छरों के प्रजनन स्थलों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की तथा लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान ब्लॉक के विभिन्न क्षेत्रों में एंटी लार्वा छिड़काव किया गया। साथ ही ऐसे स्थानों की जांच की गई, जहां लंबे समय से पानी जमा होने के कारण मच्छरों के पनपने की संभावना रहती है। स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को मच्छरों के लार्वा की पहचान, उनके प्रजनन को रोकने के उपाय तथा मलेरिया और डेंगू के प्रमुख लक्षणों की जानकारी दी। लोगों को समझाया गया कि घरों और आसपास पानी का ठहराव नहीं होने देने से मच्छरों के प्रजनन को काफी हद तक रोका जा सकता है।
बीसीएमओ डॉ. जयवीर सिंह भागसरा ने बताया कि मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा नियमित रूप से एंटी लार्वा गतिविधियां एवं छिड़काव कराया जा रहा है। इसके साथ ही बुखार से पीड़ित मरीजों की ब्लड स्लाइड के माध्यम से जांच की जा रही है, ताकि मलेरिया सहित अन्य संक्रमणों की समय पर पहचान कर उपचार शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं और आमजन को मच्छरों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी जा रही है। डॉ. भागसरा ने आमजन से अपील की कि घरों के अंदर और आसपास किसी भी स्थान पर पानी जमा नहीं होने दें। कूलर, गमले, पानी की टंकियों, पुराने टायर, डिब्बों एवं अन्य पानी जमा होने वाले पात्रों की नियमित सफाई करें। उन्होंने कहा कि घरों के आसपास नालियों को साफ रखना भी बेहद जरूरी है। यदि कहीं पानी जमा दिखाई दे तो उसे तत्काल हटाया जाए, ताकि मच्छरों को प्रजनन का अवसर न मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की कि बुखार, तेज सिरदर्द, शरीर में दर्द, कमजोरी या अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करवाएं। विभाग के अनुसार जनभागीदारी से ही मच्छर जनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
टॉप न्यूज़

मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए बीसीएमओ टीम ने चलाया जागरूकता अभियान



देश
राजनीति
Web Story




