भीम प्रज्ञा न्यूज.बुहाना। बुहाना। उपखंड क्षेत्र के सहड़ गांव के मेघवाल मोहल्ले में करीब 21 दिनों से चली आ रही पेयजल समस्या का आखिरकार समाधान हो गया। ‘दैनिक भीम प्रज्ञा’ द्वारा ग्रामीणों की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और खराब मोटर को दुरुस्त करवाकर पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी। लंबे समय से पानी के संकट से जूझ रहे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
खबर प्रकाशित होते ही प्रशासन ने ली सुध
मेघवाल मोहल्ले में पेयजल व्यवस्था बाधित होने के कारण महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बोरवेल के पास मोटर की पाइपलाइन और केबल लंबे समय से पड़ी हुई थी, जबकि पानी की नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही थी। समस्या को लेकर महिलाओं ने विरोध जताते हुए प्रशासन से तत्काल पेयजल व्यवस्था सुचारू करने की मांग की थी। ग्रामीणों की इस समस्या को 17 अगस्त को ‘दैनिक भीम प्रज्ञा’ ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर सामने आने के बाद बुहाना विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके की स्थिति की जानकारी ली और मोटर को दुरुस्त करवाकर पेयजल व्यवस्था बहाल करवाई।

Watermark

वैकल्पिक व्यवस्था से मिली राहत, स्थायी समाधान की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि कुएं में पानी का स्तर कम होने अथवा पानी सूख जाने के कारण मोटर पर दबाव पड़ता है और वह बार-बार खराब हो जाती है। फिलहाल मोटर ठीक होने से पेयजल आपूर्ति शुरू हो गई है और ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि स्थायी पेयजल समाधान अभी भी जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कुएं के जलस्तर की समस्या तथा बार-बार मोटर खराब होने से अवगत कराया है और भविष्य के लिए स्थायी वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने जताया आभार
करीब तीन सप्ताह तक पेयजल संकट झेलने के बाद पानी की व्यवस्था बहाल होने पर ग्रामीणों ने राहत जताई। उन्होंने प्रशासन द्वारा समस्या का संज्ञान लेकर कार्रवाई किए जाने का स्वागत किया। साथ ही ग्रामीणों की आवाज को प्रमुखता से उठाने के लिए ‘दैनिक भीम प्रज्ञा’ का भी आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समस्या का स्थायी समाधान भी कर दिया जाए तो बार-बार होने वाले पेयजल संकट से पूरी बस्ती को हमेशा के लिए राहत मिल सकती है।