भीम प्रज्ञा न्यूज.पचेरी। राजस्थान में आगामी नगर निकाय एवं पंचायत चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए राजस्थान और हरियाणा पुलिस के सीमावर्ती अधिकारियों की समन्वय बॉर्डर बैठक पुलिस थाना पचेरी कलां में आयोजित हुई। बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोकथाम, अपराधियों की धरपकड़ तथा चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक का आयोजन पुलिस अधीक्षक जिला झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर आईपीएस के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत आरपीएस के मार्गदर्शन में किया गया। बैठक में पुलिस उप अधीक्षक खेतड़ी राजेन्द्र बुरडक, पुलिस उप अधीक्षक बुहाना मंजु चौहान आरपीएस तथा पुलिस उप अधीक्षक मुख्यालय नारनौल भारत भूषण सहित राजस्थान एवं हरियाणा के सीमावर्ती थानों के थानाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में आगामी चुनावों को देखते हुए सीमापार से होने वाली अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्रवाई करने पर सहमति बनी। दोनों राज्यों के सीमावर्ती थानों में वांछित अपराधियों की सूची आपस में साझा कर उनकी धरपकड़ के लिए समन्वित कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।

अधिकारियों ने इस बात पर भी चर्चा की कि यदि कोई अपराधी एक राज्य के क्षेत्र में अपराध करने के बाद दूसरे राज्य की सीमा में फरार होता है तो उसकी गिरफ्तारी के लिए दोनों राज्यों की पुलिस आपसी सहयोग से त्वरित कार्रवाई करेगी।

सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब, मादक पदार्थ, हथियारों सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी एवं उपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संयुक्त टीमें गठित कर कार्रवाई करने पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों तथा अपराध से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाओं का नियमित रूप से आदान-प्रदान करने का निर्णय लिया गया, ताकि अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।

बैठक में पुलिस निरीक्षक लक्ष्मीनारायण, थानाधिकारी पचेरी कलां, पुलिस निरीक्षक राममनोहर, थानाधिकारी बुहाना, पुलिस निरीक्षक सुगन सिंह, थानाधिकारी सिंघाना, हरियाणा के पुलिस निरीक्षक धर्मबीर, थानाधिकारी सदर नारनौल, पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार, थानाधिकारी सतनाली तथा पुलिस निरीक्षक धर्मसिंह, थानाधिकारी निजामपुर सहित दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में अधिकारियों ने आपसी समन्वय को और मजबूत करते हुए चुनाव के दौरान सीमा क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने पर जोर दिया।