भीम प्रज्ञा न्यूज़ .बनगोठड़ी। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बनगोठड़ी में 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्या अनुजा जाखड़ के मार्गदर्शन में हुआ।

​कार्यक्रम का शुभारंभ दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। पूनम सोनी ने कुशल मंच संचालन के साथ देशभक्ति गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिसने विद्यार्थियों और स्टाफ में राष्ट्रभक्ति का संचार किया। मंजू वर्मा और राजेश कुमार धायल ने भी देशभक्ति गीतों से कार्यक्रम को ऊर्जावान और प्रेरणादायी बना दिया।

​राजेश कुमार धायल ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सत्याग्रह तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उप-प्राचार्य करन सिंह ने महापुरुषों के जीवन को विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक बताते हुए अनुशासन व स्वच्छता के महत्व पर विचार रखे।

​प्रधानाचार्या अनुजा जाखड़ ने विद्यार्थियों से महापुरुषों के विचारों को जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्रहित में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को जीवनभर अपनाने का संकल्प लिया।