भीम प्रज्ञा न्यूज़. चिड़ावा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर लोहिया शिक्षण संस्थान, चिड़ावा में श्रद्धा, देशभक्ति एवं राष्ट्रनिर्माण के आदर्शों से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुआ।


इस अवसर पर संस्था के निदेशक जगपाल यादव, अध्यक्ष राम सिंह नेहरा, प्रिंसिपल प्रमोदिनी दुबे, चेयरपर्सन ममता नेहरा, सचिव प्रदीप नेहरा, प्रधानाचार्या प्रमिला झाझरिया एवं व्यवस्थापक पूरन सिंह गजराज सहित विद्यालय परिवार ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से गांधीजी एवं शास्त्रीजी के जीवन और विचारों को सजीव कर दिया। कक्षा 5 के हितेश पारीक एवं विहान यादव 2 कक्षा ने महात्मा गांधी की वेशभूषा धारण कर उनके व्यक्तित्व एवं जीवन-आदर्शों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं कक्षा 2 के यक्षित ने लाल बहादुर शास्त्री की वेशभूषा में शास्त्रीजी की भूमिका का सुंदर निर्वहन किया। कस्तूरबा गांधी की भूमिका कक्षा 4 की इनाया सैनी ने निभाई
यशिका पारीक कक्षा 2ने लाल बहादुर शास्त्री की वेशभूषा में ही शास्त्रीजी के जीवन एवं व्यक्तित्व पर भावपूर्ण कविता प्रस्तुत कर सभी को भाव-विभोर कर दिया।
अध्यापिका मनीषा के निर्देशन में जाह्नवी माही कक्षा 9 एवं रोहित कक्षा 11 व अन्य विद्यार्थियों ने गांधीजी के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ एवं रामधुन की सामूहिक एवं मनोहारी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने प्रतीकात्मक रूप से विविध झांकियों एवं तख्तियों के साथ दांडी यात्रा का आयोजन कर नमक सत्याग्रह एवं गांधीजी के अहिंसात्मक आंदोलन की स्मृति को जीवंत किया।
इस अवसर पर संस्था के निदेशक जगपाल यादव ने गांधी दर्शन, सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं नैतिक जीवन-मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को गांधीजी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। वहीं संस्था अध्यक्ष राम सिंह नेहरा ने लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों को उनके जीवन-मूल्यों का अनुसरण करने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम का संचालन अध्यापिका काजल शर्मा ने किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम एवं कर्तव्यनिष्ठा जैसे जीवन-मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

देश
राजनीति
Web Story





