भीम प्रज्ञा न्यूज.सिंघाना। हर्निया के ऑपरेशन के बाद युवक की मौत के मामले को लेकर शनिवार को सिंघाना में माहौल गरमा गया। परिजनों और ग्रामीणों ने राज अस्पताल के बाहर युवक का शव रखकर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीण अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Watermark

जानकारी के अनुसार सिंघाना के वार्ड-30 निवासी राजेश नायक का दो दिन पहले राज अस्पताल में हर्निया का ऑपरेशन हुआ था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद युवक की तबीयत बिगड़ने लगी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें स्थिति की गंभीरता के बारे में सही जानकारी नहीं दी और युवक को करीब दो दिन तक अस्पताल में ही रखा। परिजनों के मुताबिक हालत अधिक बिगड़ने पर युवक को जयपुर रेफर किया गया। जयपुर ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन और ग्रामीण शव को लेकर वापस सिंघाना पहुंचे और राज अस्पताल के बाहर रखकर धरने पर बैठ गए। घटना की सूचना मिलने पर सिंघाना पुलिस का जाप्ता भी अस्पताल के बाहर तैनात किया गया। अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीण मौजूद हैं।

Watermark

ग्रामीणों की ओर से अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।फिलहाल अस्पताल के बाहर ग्रामीणों का धरना जारी है। पुलिस की मौजूदगी में परिजनों और अस्पताल प्रबंधन के बीच बातचीत के प्रयास किए जा रहे हैं।