भीम प्रज्ञा न्यूज़.चिड़ावा। अग्रवाल समाज चिड़ावा की ओर से आयोजित होने वाले दीपावली स्नेह मिलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आगामी 9 नवंबर को अग्रसेन धाम में होने वाले इस आयोजन को लेकर समाजबंधुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। समारोह में इस बार हास्य, मनोरंजन, समाज का गौरवशाली इतिहास और प्रतिभाओं का सम्मान आकर्षण का केंद्र रहेंगे। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त ठेठ मारवाड़ी हास्य कवि हरिश हिंदुस्तानी होंगे। अपनी चुटीली मारवाड़ी शैली और हास्य रचनाओं के माध्यम से वे उपस्थित समाजबंधुओं को हंसी से सराबोर करेंगे। दीपावली के खुशनुमा माहौल में उनकी हास्य प्रस्तुतियां समारोह को खास बनाएंगी। वहीं कार्यक्रम में आयोजित होने वाला 'गर्व है हम अग्रवाल हैं' प्रश्न मंच भी विशेष आकर्षण रहेगा। इसमें अग्रवाल समाज के गौरवशाली इतिहास, महापुरुषों, ऐतिहासिक उपलब्धियों, सामाजिक परंपराओं और देश-विदेश में समाज का नाम रोशन करने वाली विभूतियों से जुड़े रोचक सवाल पूछे जाएंगे। सही जवाब देने वालों को मौके पर ही आकर्षक उपहार दिए जाएंगे। प्रश्न मंच को लेकर युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक में उत्सुकता बनी हुई है। समाजबंधु अभी से सवालों के जवाब जानने और अपनी जानकारी को परखने की तैयारी में जुटे हैं। समारोह में चिड़ावा क्षेत्र की शैक्षणिक, व्यावसायिक, प्रतियोगी परीक्षाओं, खेलकूद क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली अग्रवाल समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार अब तक करीब 50 प्रतिभाओं की उपलब्धियों से संबंधित जानकारी और आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इन प्रतिभाओं को समारोह में सम्मानित किया जाएगा। आवेदन जमा करवाने की अंतिम तिथि 5 नवंबर थी। गौरतलब है कि इस बार अग्रसेन जयंती पर प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित नहीं हो पाने के कारण समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए दीपावली स्नेह मिलन के अवसर पर विशेष आयोजन का निर्णय लिया गया था। यह कार्यक्रम किसी एक व्यक्ति अथवा संस्था विशेष का नहीं, बल्कि संपूर्ण अग्रवाल समाज चिड़ावा की सामूहिक पहल से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम 9 नवंबर 2026 सोमवार को शाम 4:15 बजे अग्रसेन धाम में होगा। समारोह के बाद सभी समाजबंधुओं के लिए सपरिवार अग्र भोज की व्यवस्था भी रहेगी। आयोजकों ने समाज के सभी परिवारों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर दीपावली की खुशियां साझा करने, समाज की प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने और आपसी प्रेम एवं एकता को मजबूत बनाने का आह्वान किया है।