भीम प्रज्ञा न्यूज.ब्यावर। जिला परिषद चुनाव में बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जहां कांग्रेस प्रत्याशी ममता गुर्जर ने भाजपा प्रत्याशी निर्मला देवी को महज एक वोट से हराकर जीत दर्ज की। इस चुनाव में भाजपा के पास कांग्रेस से एक सदस्य अधिक होने के बावजूद हार का सामना करना पड़ा। नतीजे के बाद भाजपा खेमे में क्रॉस वोटिंग की चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि मतदान प्रक्रिया में कांग्रेस के 13 जिला परिषद सदस्य और भाजपा के 14 सदस्यों ने मतदान किया। संख्या बल के लिहाज से भाजपा एक वोट आगे थी, लेकिन परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आया। ऐसे में भाजपा के खेमे में क्रॉस वोटिंग होने की चर्चाएं राजनीतिक गलियारों में जोर पकड़ रही हैं।
पहले ही चुनाव में ममता ने बनाई राजनीतिक पहचान
ममता गुर्जर के लिए यह जीत इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने पहली बार चुनावी मैदान में उतरकर सीधे जिला परिषद चुनाव में जीत हासिल की। स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और अपने पहले ही चुनाव में बड़ी राजनीतिक चुनौती का सामना करते हुए सफलता हासिल की। उनके चाचा दयाल गुर्जर राजनीति से जुड़े हुए हैं, लेकिन ममता गुर्जर का इससे पहले कोई सक्रिय राजनीतिक अनुभव या चुनावी पृष्ठभूमि नहीं रही। इसके बावजूद उन्होंने जिला परिषद चुनाव में भाजपा के दो विधायकों और एक कैबिनेट मंत्री के सामने जीत दर्ज कर राजनीतिक हलकों में चर्चा पैदा कर दी।

एक वोट ने बदल दिया पूरा राजनीतिक गणित
इस चुनाव में भाजपा के पास एक सदस्य अधिक होने के बावजूद जीत कांग्रेस के खाते में जाने से राजनीतिक समीकरणों पर सवाल खड़े हो गए हैं। एक वोट के अंतर से मिली जीत ने जिला परिषद चुनाव को बेहद चर्चित बना दिया है। पहले चुनाव में ही जीत, एक वोट का अंतर और भाजपा के बहुमत के बावजूद हार—ममता गुर्जर की यह जीत अब ब्यावर के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है।