भीम प्रज्ञा न्यूज़.बुगाला। शेखावाटी की धरती ने देश को अनेक प्रतिभाशाली क्रिकेटर दिए हैं, लेकिन आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर खेल सुविधाओं के अभाव में कई प्रतिभाएं अपनी मंजिल तक नहीं पहुंच पातीं। इसी कमी को दूर करने के उद्देश्य से झुंझुनूं जिले के छऊ गांव में पीएल दड़िया रेजिडेंशियल क्रिकेट एकेडमी की स्थापना की जा रही है। करीब 25 बीघा भूमि में विकसित हो रही यह एकेडमी क्षेत्र के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

एकेडमी के खेल मैदान को आधुनिक स्वरूप देने के लिए ऑस्ट्रेलियन किस्म की बरमूडा घास मंगाई गई है। जयपुर से आए कारीगर मैदान को तैयार करने में जुटे हुए हैं। एकेडमी प्रबंधन के अनुसार यहां खिलाड़ियों को क्रिकेट प्रशिक्षण के साथ-साथ फिटनेस, अनुशासन, मानसिक मजबूती और व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

"आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी एकेडमी"

पीएल दड़िया रेजिडेंशियल क्रिकेट एकेडमी में खिलाड़ियों के लिए BCCI प्रमाणित एवं अनुभवी कोचिंग स्टाफ, वातानुकूलित रेजिडेंशियल हॉस्टल, प्रत्येक कमरे के साथ अटैच शौचालय एवं स्नानघर, आधुनिक प्रैक्टिस नेट्स, अत्याधुनिक जिम एवं फिटनेस सेंटर तथा स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

खिलाड़ियों के लिए वैज्ञानिक पद्धति पर आधारित फिटनेस एवं स्ट्रेंथ ट्रेनिंग के साथ नियमित मैच प्रैक्टिस और प्रदर्शन का विश्लेषण भी किया जाएगा। खिलाड़ियों को संतुलित एवं पौष्टिक स्पोर्ट्स डाइट उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि भोजन के अलावा दिन में दो बार पौष्टिक स्नैक्स भी शामिल होंगे।

"खेल के साथ मानसिक मजबूती और व्यक्तित्व विकास पर जोर"

एकेडमी में खिलाड़ियों की दिनचर्या खेल विज्ञान के सिद्धांतों के अनुसार तैयार की जाएगी। खिलाड़ियों को अंकुरित अनाज, अंडे, उबले आलू, मौसमी फल सहित अन्य पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाएगा। सप्ताहभर के अभ्यास के बाद प्रत्येक शनिवार मनोरंजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें संगीत, खुले मैदान में रात्रि भोजन, स्विमिंग पूल और अन्य गतिविधियों के माध्यम से खिलाड़ियों को तनावमुक्त एवं सकारात्मक वातावरण देने का प्रयास किया जाएगा।

"गांव की प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर" 

एकेडमी के संस्थापक प्यारेलाल दड़िया ने कहा कि प्रतिभा केवल बड़े शहरों में नहीं, बल्कि गांवों की मिट्टी में भी जन्म लेती है। जरूरत सही मार्गदर्शन, आधुनिक सुविधाओं और निरंतर अवसर की है। उन्होंने बताया कि इस पहल को आगे बढ़ाने में झुंझुनूं जिला क्रिकेट संघ के सचिव हरिश्चंद्र सिंह एवं जिला खेल अधिकारी राजेश ओला का समय-समय पर मार्गदर्शन और सहयोग मिलता रहा है।

एकेडमी प्रबंधन का लक्ष्य ऐसे क्रिकेटर तैयार करना है जो खेल के साथ मानसिक रूप से मजबूत, शारीरिक रूप से सक्षम, अनुशासित और जीवन के हर क्षेत्र में सफल बनें।

"1 नवंबर से शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया" 

पीएल दड़िया रेजिडेंशियल क्रिकेट एकेडमी में 1 नवंबर 2026 से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। शेखावाटी के साथ राजस्थान तथा देश के अन्य राज्यों के इच्छुक खिलाड़ी भी प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे। एकेडमी संचालक पीएल दड़िया ने कहा, "हम केवल क्रिकेट खिलाड़ी नहीं, बल्कि चरित्रवान, अनुशासित और देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी तैयार कर रहे हैं।" वहीं चिकित्सक डॉ. रोहिताश्व शर्मा, आयुष्मान आरोग्य मंदिर बुगाला, झुंझुनूं ने कहा, "छोटे गांव से बड़े सपनों तक... अब शेखावाटी की प्रतिभा विश्व क्रिकेट में अपनी पहचान बनाएगी।"

एकेडमी प्रबंधन का सपना है कि आने वाले वर्षों में जब कोई खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी पहनकर मैदान में उतरे तो गर्व के साथ कहा जा सके कि यह खिलाड़ी झुंझुनूं जिले के छऊ गांव स्थित पीएल दड़िया क्रिकेट एकेडमी से निकला है।