भीम प्रज्ञा न्यूज़ | सिंघाना

सिंघाना नगर पालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष पिंकी डीपी सैनी ने सोमवार को नगर पालिका क्षेत्र में बने सार्वजनिक शौचालयों का औचक निरीक्षण कर स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अध्यक्ष के अचानक निरीक्षण से नगर पालिका प्रशासन में भी सक्रियता दिखाई दी। उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों में साफ-सफाई, रखरखाव तथा आमजन के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अध्यक्ष पिंकी डीपी सैनी ने अधिकारियों से कहा कि सार्वजनिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

Watermark
उन्होंने सफाई व्यवस्था में लापरवाही नहीं बरतने और नगर की स्वच्छता को प्राथमिकता के साथ बनाए रखने के निर्देश दिए। 
Watermark

मौके पर सुनीं आमजन की समस्याएं

निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने क्षेत्र में मौजूद लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। नागरिकों ने नगर की सफाई, सार्वजनिक सुविधाओं तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित अपनी बातें अध्यक्ष के सामने रखीं। अध्यक्ष ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नगर पालिका केवल कार्यालय तक सीमित रहकर काम नहीं करेगी, बल्कि मैदानी स्तर पर जाकर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति देखना और जनता की समस्याओं को सीधे सुनना भी नगर पालिका की कार्यप्रणाली का हिस्सा रहेगा। 

स्वच्छ और व्यवस्थित सिंघाना पर जोर

अध्यक्ष पिंकी डीपी सैनी ने कहा कि जनसेवा, स्वच्छता और बेहतर नगर व्यवस्था उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। नगर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए नियमित निरीक्षण और आवश्यक सुधार की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

गौरतलब है कि पदभार ग्रहण करने के बाद अध्यक्ष ने स्वच्छता को अपनी पहली प्राथमिकता बताया था। इसके बाद रात के समय बाजार क्षेत्र में सफाई अभियान भी चलाया गया था। अब सार्वजनिक शौचालयों के औचक निरीक्षण को उसी अभियान की अगली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। 

अध्यक्ष के लगातार मैदानी निरीक्षण से अब यह संदेश देने का प्रयास दिखाई दे रहा है कि सिंघाना नगर पालिका में स्वच्छता और जनसमस्याओं के समाधान को केवल घोषणा तक सीमित रखने के बजाय धरातल पर लागू करने की दिशा में काम किया जा रहा है।