भीम प्रज्ञा न्यूज़.​झुंझुनूं। अंतरराष्ट्रीय आर्म रेसलिंग गोल्ड मेडलिस्ट और जयपुर पुलिस दूरसंचार में पदस्थापित कांस्टेबल राजबाला पूनियां ने एक बार फिर अपनी ताकत का लोहा मनवाते हुए नया इतिहास रच दिया है। झुंझुनूं जिले के केहरपुरा खुर्द की बहू व महरमपुर की बेटी राजबाला ने हरियाणा के मधुबन (करनाल) में 23 से 27 सितंबर 2026 तक आयोजित ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में राजस्थान पुलिस का प्रतिनिधित्व करते हुए आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
​इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राजबाला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिक्किम, बिहार, केरल, गुजरात, पंजाब, तमिलनाडु और असम के दमदार खिलाड़ियों को मात देकर यह उपलब्धि अपने नाम की। 
​पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमका चुकी हैं देश का नाम
राजबाला पूनियां की यह सफलता उनकी निरंतर मेहनत का परिणाम है। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2025 में अमेरिका में आयोजित ‘वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स’ में 1 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान बढ़ाया था। वहीं, वर्ष 2024 के ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में गोल्ड मेडल तथा 2023 में जम्मू-कश्मीर में आयोजित ओपन प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीतकर वे राजस्थान पुलिस को गौरवान्वित कर चुकी हैं।
​राजबाला की इस ऐतिहासिक स्वर्णिम सफलता पर पुलिस महकमे, गृह नगर झुंझुनूं और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।