भीम प्रज्ञा न्यूज़. चिड़ावा। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के कर्मचारियों का बकाया वेतन न मिलने से गुस्सा फूट पड़ा है। अगस्त 2026 से लंबित वेतन के भुगतान को लेकर आक्रोशित कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता (झुंझुनूं) को ज्ञापन सौंपकर अंतिम चेतावनी दी है। कर्मचारियों का साफ कहना है कि यदि 29 सितंबर तक उनके वेतन का भुगतान नहीं हुआ, तो वे काम बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
कर्मचारियों ने बताया कि अपनी जायज मांगों को लेकर वे पूर्व में भी 17 सितंबर और 25 सितंबर 2026 को विभागीय अधिकारियों को पत्र सौंप चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया। बार-बार आश्वासन मिलने के बाद भी वेतन जारी न होने से कर्मचारियों में गहरा रोष व्याप्त है।
वेतन में लगातार हो रही देरी के कारण जलदाय कर्मियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों का कहना है कि वेतन न मिलने से घरेलू जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है। बच्चों की स्कूल फीस जमा कराने, परिजनों के इलाज का खर्च उठाने और बैंक लोन की ईएमआई (किश्तें) भरने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों की मुख्य मांगें - अगस्त 2026 के लंबित वेतन का 29 सितंबर तक तुरंत भुगतान किया जाए।
​सहायक अभियंता के अतिरिक्त कार्यभार से संबंधित बकाया आदेश अविलंब जारी हों।
कर्मचारियों ने चेताया है कि हड़ताल की स्थिति में चिड़ावा और आसपास के पूरे क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति और विभागीय कार्य पूरी तरह से प्रभावित हो सकते हैं। यदि जनता को पानी के लिए परेशान होना पड़ता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग और प्रशासन की होगी।