भीम प्रज्ञा न्यूज.बुहाना। बुहाना उपखंड के हरियाणा सीमा से सटे गांवों में पर्याप्त राजस्थान रोडवेज बस सेवा शुरू करवाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। समाजसेवी कुलदीप कुमार सैन ने बताया कि रोडवेज बसों की नियमित सुविधा नहीं होने से विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, व्यापारियों और आम ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में बताया गया कि बुहाना उपखंड के एक दर्जन से अधिक गांव हरियाणा सीमा से सटे हुए हैं, लेकिन इन क्षेत्रों से जिला मुख्यालय, उपखंड मुख्यालय, विद्यालय-महाविद्यालय, अस्पताल, बाजार तथा सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने के लिए पर्याप्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं है। ग्रामीणों को निजी वाहनों अथवा सीमित परिवहन साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि हरियाणा सीमा से लगे गांवों को राजस्थान के प्रमुख प्रशासनिक, शैक्षणिक और चिकित्सा केंद्रों से जोड़ने के लिए नियमित राजस्थान रोडवेज बस रूट शुरू किए जाएं। साथ ही सुबह और शाम सुविधाजनक समय पर बसों के नियमित फेरे संचालित किए जाएं।

ज्ञापन में विद्यार्थियों के लिए स्कूल-कॉलेज आने-जाने के समय बसों की सुविधा उपलब्ध कराने, जिला एवं उपखंड मुख्यालय तक नियमित बस सेवा शुरू करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों को प्रमुख बाजारों, चिकित्सा केंद्रों और प्रशासनिक कार्यालयों से जोड़ने के लिए उचित रूट निर्धारित करने की मांग की गई। ग्रामीणों ने कहा कि रोडवेज सेवा शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और विद्यार्थियों सहित आमजन की रोजमर्रा की आवागमन संबंधी समस्या का समाधान हो सकेगा। उन्होंने सरकार से मामले में शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की मांग की।