भीम प्रज्ञा न्यूज़. चिड़ावा। तहसील क्षेत्र के ग्रामीण अंचल बख्तावरपुरा स्थित बनारसी देवी-दिलीप सिंह कटेवा स्मृति खेल स्टेडियम में आयोजित हो रही 70वीं जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन अंडर-17 और अंडर-19 छात्र वर्ग के अंतर्गत विभिन्न ट्रैक और फील्ड इवेंट्स में युवा एथलीटों ने अपनी दमखम, गति और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। आगामी 12 अक्टूबर तक चलने वाले इस महामुकाबले को देखने के लिए खेल प्रेमियों की भारी भीड़ मैदान पर मौजूद रही।

Watermark

​प्रतियोगिता के दौरान मेजबान विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद जांगिड़ की विशेष मौजूदगी ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। वहीं, वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक व खेल कोच जयसिंह धनखड़ (देवरोड़) की देखरेख में सभी मुकाबले पूरी अनुशासनबद्धता और सुचारू रूप से संपन्न हुए।
वरिष्ठ खेल कोच जयसिंह धनखड़ ने प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि दूसरे दिन के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने कड़ा मुकाबला पेश किया ।
​ऊंची कूद के रोमांचक मुकाबले में मनीष, यश, नवीन और चेतन ने अपनी शानदार छलांगों से दर्शकों को प्रभावित किया।
बांस कूद के पारंपरिक और कठिन इवेंट में देवरोड़ के राजवीर सिंह और भाविक ने बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी कला का लोहा मनवाया।
तश्तरी फेंक के शक्ति और तकनीक के इस खेल में दक्ष, योगेश, विशाल और योगेश ठोलिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
400 मीटर दौड रफ्तार के इस मुकाबले में विजय कुमार, रामबाबू, दिव्यांशु और राहुल सहित अन्य धावकों ने अपनी फुर्ती का परिचय देते हुए फिनिश लाइन तक कड़ा संघर्ष किया।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्य राजवीर, सुंदर भालोठिया, प्रमोद, विजेंद्र, अनिल, मनीष, शिवराम, अजय और विनोद शर्मा सहित बख्तावरपुरा के उत्साही ग्रामवासियों का पूरा सहयोग मिल रहा है। इसके अलावा निर्णायक मंडल की भूमिका निभा रहे पवन नायक, पवन कुमार, अनिल कांगड़ा, मंजू, अशोक और जयप्रकाश कटेवा ने पूरी निष्पक्षता के साथ स्पर्धाओं के परिणाम तय किए। ग्रामीण परिवेश में हो रहे इस खेल महाकुंभ से क्षेत्र की उभरती खेल प्रतिभाओं को एक बेहतरीन मंच मिल रहा है।