भीम प्रज्ञा न्यूज़. चिड़ावा। स्थानीय जन सेवा संस्थान के तत्त्वाधान में आयोजित 13वां वार्षिक दुर्गा पूजा महोत्सव पूरे हर्षोल्लास, आस्था और भक्तिमय वातावरण के साथ शुरू हुआ है। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में पूरा प्रांगण माता रानी के जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान हो उठा।


महोत्सव के प्रथम दिन नवदुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधि-विधान और संपूर्ण धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की गई। संस्थान के अध्यक्ष रवि सोनी (मानू) ने जानकारी देते हुए बताया कि शास्त्रीय पद्धति के अनुसार पंडित सुनील कुमार शर्मा द्वारा मुख्य यजमानों के साथ मंत्रोच्चार के बीच घट स्थापना और पूजन संपन्न करवाया गया। प्रथम दिन की मुख्य पूजा में भामाशाह रामावतार दाधीच, नथमल अरड़ावतिया, नरसिंह टेलर, नरेंद्र अरड़ावतिया तथा पार्षद संजय महमिया ने यजमान के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर माता रानी का आशीर्वाद लिया।
दिनभर चले पूजा-अर्चना के दौर के बाद शाम को आयोजित भव्य महाआरती में संस्थान अध्यक्ष रवि सोनी (मानू) स्वयं यजमान के रूप में उपस्थित रहे। ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि के बीच हुई महाआरती में शहर के गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। विशेष रूप से महिलाओं और पुरुषों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने संपूर्ण वातावरण को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
इस पावन अवसर पर जन सेवा संस्थान चिड़ावा के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने पूरे समर्पण के साथ व्यवस्थाओं की कमान संभाली, जिससे आयोजन सुचारू और अनुशासित ढंग से संपन्न हो सका। नौ दिनों तक चलने वाले इस दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस अवसर पर सेवा निवृत्त शिक्षक देवि दत्त शर्मा, संरक्षक हरिराम नायक, अशोक पुजारी, केशरदेव टेलर, प्रधानाचार्य महेंद्र वर्मा, कुरड़ाराम नायक, दिलावर खडो़लिया, गोविंद राम टेलर आदि उपस्थित रहें।

देश
राजनीति
Web Story





